गल्ले से नगदी चोरी
मीरापुर। गांव बलीपुरा निवासी आसिफ ने थाने में तहरीर देकर बताया कि गांव के चार लोगों ने उसे घेरकर मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उधर, इसी गांव के दुकानदार रामचंद्र के गल्ले से किसी ने 1800 रुपये चोरी कर लिए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
चार को जेल भेजा
मीरापुर। पुलिस ने तीन मामलों में चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसओ मनोज चौधरी ने बताया कि पुलिस ने गश्त के दौरान बिजनौर रोड स्थित उपाध्याय कैंटीन के पास खडे़ एक संदिग्ध व्यक्ति जाने आलम, निवासी ग्राम जई थाना भावनपुर जिला मेरठ को पकडा। तलाशी के दौरान संदिग्ध व्यक्ति के पास से एक धारदार हथियार बरामद किया गया। गांव कैथोड़ा के जंगल में जुआ खेल रहे फरीद पुत्र वहीद व रईस पुत्र शफी को गिरफ्तार किया। गांव सिकरेडा निवासी जोगेंद्र सिंह पुत्र फुल सिंह को शराब के अवैध धंधे में लिप्त होने के आरोप में दस लीटर शराब के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा।
शिशुओं की देखभाल के उपाय बताए
मीरापुर। पड़ाव चौक स्थित भव्य पैलेस में सुमन अग्रवाल व राधाकृष्ण परिवार की ओर से नेत्र चिकित्सा और शिशु चिकित्सा शिविर लगाया गया। मुरादाबाद से आए नेत्र चिकित्सक डॉ ललित मोहन ने करीब 150 मरीजों का परीक्षण किया और आपरेशन आदि की सलाह दी। उधर, शिशु चिकित्सक डॉ नीता खन्ना ने शिविर में आए रोगी बच्चों का परीक्षण किया। डॉ खन्ना ने बताया कि शिशुओं की देखभाल के साथ उनकी भोजन व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने बताया कि अधिकांश बच्चों में कैल्शियम की कमी पाई गई है। इस मौके पर लालता प्रसाद, नरेंद्र, कृष्ण अग्रवाल, सुमन देवी, निकुंज अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, घनश्याम दास, धीरेंद्र कांबोज, नितिन शर्मा, नरेश रस्तोगी, मोहित लखोटिया, विकास कौशिक, हिमांशु जैन, गौरव शर्मा, प्रतीक रस्तोगी आदि का सहयोग रहा। श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
मीरापुर। श्री राधाकृष्ण परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में कथा व्यास स्वामी करुण दास ने कहा कि भगवान भक्तों की पीड़ा हरण के लिए ही पृथ्वी पर अवतरित होते हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव लीला का सुंदर वर्णन किया। कथा में भगवान श्रीकृष्ण की अनेक बाल लीलाओं के रोचक प्रसंगों को सुनाते हुए महाराज ने उपस्थित जनसमूह को भाव विभोर कर दिया। इस मौके पर सुमन अग्रवाल, निकुज अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, घनश्यामदास, प्रवीण, मनोज, मोहित लखोटिया, नरेश, नीरज, नीतिन शर्मा, धीरेंद्र काम्बोज आदि मौजूद रहे।