मुठभेड़ में बदमाश को गोली लगी
मुजफ्फरनरगर। बाइक लूटकर भाग रहे बदमाशों से हुई मुठभेड़ में शहर कोतवाली पुलिस ने दो बदमाशों को दबोच लिया। इनसे एक बदमाश को भी पैर में गोली लगी। जबकि मुठभेड़ के दौरान खालापार चौकी इंचार्ज राकेश शर्मा भी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। बदमाशों से लूटी गई बाइक बरामद कर ली। एक बदमाश फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
नईमंडी निवासी मनप्रीत सिंह शनिवार रात साढ़े आठ बजे चरथावल से बाइक द्वारा शहर आ रहा था। शहर कोतवाली क्षेत्र में शनिधाम मंदिर के पास पीछे से एक्टिवा पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया और बाइक और नगदी लूटकर भाग गए। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस ने वहलना की ओर काली नदी के पास बदमाशों की घेराबंदी की। घिर जाने पर बदमाश दोनों वाहन छोड़कर पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागे। बदमाशों की गोली पैर में लगने से खालापार चौकी इंचार्ज राकेश शर्मा घायल हो गया, जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से वहीं गिर गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने पीछा कर दबोचा। मगर तीसरा बदमाश भाग गया, जिसकी तलाश की जा रही थी। घायल बदमाश और दरोगा को जिला अस्पताल भेजा गया। शहर कोतवाल संजीव शर्मा ने बताया कि घायल हुआ बदमाश अमन उर्फ तालिब पुत्र फारुख, निवासी किदवईनगर और पकड़ा गया बदमाश सलमान निवासी खालापार है। तालिब पहले भी लूट की घटनाओं में जेल जा चुका है। लूट गई बाइक पुलिस ने बरामद कर ली है।