चोरी के इरादे से घुसे बदमाशों से भिड़े ग्रामीण
पुरकाजी। गांव लखनौती में ग्रामीण के घर में चोरी के इरादे से घुसे बदमाशों की शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों से सीधी भिड़ंत हो गई। ग्रामीणों ने एक बदमाश को दबोच भी लिया, लेकिन साथी उसे छुड़ा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ घंटों जंगल में कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा।
थाना क्षेत्र के गांव लखनौती निवासी महक सिंह शनिवार रात परिवार के साथ घर में सोया था। शनिवार की देर रात करीब दो बजे पांच-छह बदमाश चोरी के इरादे से उसके मकान की दीवार फांदकर भीतर घुस गए और सामान खंगालने लगे। आहट सुनकर महक सिंह व उसके परिजनों की नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचा दिया। बदमाशों का शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी जाग गए और महक सिंह के मकान की घेराबंदी कर बदमाशों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए। ग्रामीणों को देख बदमाश भागने लगे, जिनमें से एक को लोगों ने पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस पर बदमाश के अन्य साथी फिर लौट आए और हथियारों के बल पर साथी को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर ले गए। इस दौरान ग्रामीणों व बदमाशों के बीच टकराव के भी हालात उत्पन्न हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बदमाशों की तलाश में घंटों कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा।