मीरापुर। गांव बलीपुरा में वांछित आरोपी की तलाश में दबिश देने गई पुलिस को महिलाओं का विरोध झेलना पड़ा। पुलिस ने जब आरोपी के भाई को पकड़ा तो महिलाओं ने पुलिस से धक्का-मुक्की कर उसे छुड़ा लिया। उधर, पुलिस पर महिलाओं के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
मीरापुर पुलिस शनिवार देर शाम को बलीपुरा में एक वांछित आरोपी की तलाश में उसके घर पर दबिश देने गई थी। आरोपी के न मिलने पर पुलिस ने उसके भाई को हिरासत में ले लिया, जिस पर महिलाओं ने विरोध किया और पुलिस से धक्का-मुक्की कर उसे छुड़वाया लिया। परिजनों ने पुलिस पर महिलाओं के साथ मारपीट का आरोप लगाया है। उधर, इंस्पेक्टर मीरापुर अरविंद कुमार सिंह का कहना है कि आरोपी कई मामलों में वांछित है। पुलिस उसे पकड़ने घर पर गई थी, जहां पर महिलाओं ने ही पुलिस से अभद्रता की है। उन्होंने महिलाओं के साथ मारपीट किए जाने से इंकार किया है।
वर्कशॉप में तोड़फोड़ मालिक समेत कई घायल
मुजफ्फरनगर। रुड़की रोड स्थित इंजीनियरिंग वर्कशॉप में घुस कर कुछ युवकों ने जमकर तोड़फोड़ की और विरोध करने पर मालिक समेत कई कर्मचारियों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पीड़ित की ओर से शहर कोतवाली पर एक नामजद और 20-25 अज्ञात युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।
चलती ट्रेन से गिरकर यात्री घायल
मुजफ्फरनगर। रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में एक यात्री घायल हो गया। जीआरपी ने उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जीआरपी ने बताया कि घायल की पहचान मेरठ के सदर निवासी रंजीत के रूप में हुई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।
बेहोश पड़ा मिला युवक
मुजफ्फरनगर। नईमंडी के विश्वकर्मा चौक पर एक युवक बेहोश सड़क पर पड़ा मिला। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
युवक पर हमला किया
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मौहल्ला मल्हूपुरा निवासी रिजवान को पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित ने शफीक, गुलफाम, गुलजार आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
रेप की रिपोर्ट दर्ज आरोपी हिरासत में
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के एक मौहल्ले में युवती से हुई रेप की घटना में संबंध में पीड़िता के पिता की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को भी हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामला किराएदारी और लेनदेन का है।
युवकों से उठक बैठक लगवाई
मुजफ्फरनगर। एसएसपी के आदेश पर एंटी रोमियो की प्रभारी सीमा यादव ने पुलिस के साथ शहर में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना वजह स्कूल, कॉलेजों के पास घूम रहे युवकों को पकड़ कर उसने उठक बैठक लगवाई। बाद में उनके नाम पते नोट कर चेतावनी देकर छोड़ दिया।