मोरना (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र में लुटेरों ने एक माह में ई रिक्शा लूटने की दो घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को चुनौती दी है। यूसुफपुर चौराहे पर चालक को बेहोश कर ई रिक्शा लूटने का एक ओर मामला सामने आया है।
थाना भोपा के गांव वजीराबाद में सुंदर पुत्र केवल का परिवार मजदूरी करता है। दो माह पहले सुंदर ने एक पुरानी ई रिक्शा 50 हजार में खरीदा था। बृहस्पतिवार को वह पशुओं के लिए चारा लाने के बाद दोपहर को ई रिक्शा लेकर निकला। कुछ देर बाद परिजनों को सुंदर के साथ अनहोनी की सूचना मिली। परिजनों को सुंदर मोरना भोपा मार्ग पर चीनी मिल मोरना के निकट सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ मिला। उसे मोरना पुलिस चौकी लाकर परिजनों ने घटना की जानकारी दी तथा कए चिकित्सक को दिखाया। इसके बाद परिजन मोरना सरकारी अस्पताल ले गए। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।