कांवड़िये पर आत्महत्या के प्रयास का मुकदमा
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। नशे में धुत दिल्ली निवासी कांवड़िया सोमवार को कस्बे के एक मुस्लिम व्यक्ति के घर में घुस गया था। कांवड़िये ने वहां पंखे पर रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। इस मामले में पुलिस ने कांवड़िये के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
दिल्ली निवासी एक कांवड़िये ने सोमवार को नशे की हालत में कस्बे के मोहल्ला झोझगान में यासीन अहमद के घर में घुसकर कमरे की कुंडी बंद कर ली थी। युवक ने पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। मौके पर पहुंची पुलिस और कस्बे के लोगों ने बमुश्किल उसे बाहर निकालकर कस्बे में एक बड़ी घटना होने से बचा लिया था। पुलिस ने कांवड़िये को थाने लाकर उसके परिजनों को घटना की जानकारी देकर उसकी हालत सामान्य न होने पर उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया था, जिसे उसके परिजन सोमवार देर शाम आकर उसे अपने साथ ले गए थे। घटना को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों ने कांवड़िये के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की थी। उक्त घटना में पुलिस ने मंगलवार को यासीन अहमद के पुत्र इस्तखार की तहरीर पर कांवड़िये करण पुत्र शिवम रघुवीर नगर राजोरी गार्डन दिल्ली के विरुद्ध धारा 309 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।