मुठभेड़ में लुटेरा दबोचा, साथी फरार
मीरापुर। गांव कैथोड़ा के जंगल में लूटपाट के इरादे से घूम रहे बाइक सवार बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में धर लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पुलिस की फायरिंग में बदमाश को पैर में गोली लगी है, जिससे एक बिना नंबर की बाइक, तमंचा-कारतूस बरामद किया गया है। फरार बदमाश की तलाश में कांबिंग की जा रही थी।
मीरापुर पुलिस ने मंगलवार देर रात सूचना के आधार पर लूटपाट के इरादे से घूम रहे बदमाशों की तलाश में गांव कैथोड़ा के जंगल में घेराबंदी की। इस दौरान टूटी पुलिया के निकट सामने से बिना नंबर की बाइक पर आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया तो वे पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने लगे। इस पर इंस्पेक्टर पंकज त्यागी के नेतृत्व में थाना पुलिस ने घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई की तो एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जो बाइक समेत वहीं गिर पड़ा, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पकड़ा गया बदमाश नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरनगर निवासी साकिर पुत्र इदरीश बताया गया है। सीओ जानसठ सोमेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश शातिर लुटेरा है, जिस पर विभिन्न थानों में डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। उसके पास से बिना नंबर की बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद किए गए हैं। बदमाश के फरार साथी की तलाश में देर रात तक क्षेत्र में कांबिंग की जा रही थी।