हत्या की साजिश में पत्नी गिरफ्तार
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। बलवाखेड़ी में प्रेम-प्रसंग में पति की हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से हत्या में साजिश में प्रयोग किया मोबाइल फोन बरामद किया है। महिला के मित्र को पुलिस डेढ़ महीने पूर्व गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस मामले के खुलासे के बाद नामजद आरोपियों को पुलिस का क्लीनचिट मिल गई है।
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि 19 नवंबर को बलवाखेड़ी गांव में कवंरपाल की हत्या के मामले में वांछित पत्नी कविता को गिरफ्तार किया है। घटना के मुताबिक गांव के हनुमान मंदिर के पीछे मुजफ्फरनगर के नुमाइश कैंप निवासी कंवरपाल पुत्र जगमाल का शव बरामद हुआ था। उस वक्त पुलिस ने संदिग्ध हालात में मौत मानते हुए शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया था। वारदात में मृतक की पत्नी कविता ने चचेरे देवर सुखपाल सिंह पुत्र दौलत सिंह निवासी ग्राम कालरो थाना मधुबन जिला करनाल और उसके साथी रतन सिंह पुत्र राम सिंह निवासी ग्राम हसनपुर थाना मधुबन जिला करनाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। वादिया ने दोनों के खिलाफ पति की हरियाणा में जमीन होने और उस पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए मर्डर करने का मॉटिव बताया था। हत्याकांड में की गई नामजदगी को पुलिस को शुरू से ही संदिग्ध मान रही थी। तत्कालीन एसओ संतोष कुमार ने उलझी मर्डर मिस्ट्री सुलझाने में कई बिंदुओं पर पड़ताल शुरू की थी और मृतक कंवरपाल के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लेकर संदिग्ध नंबरों की जांच की। इस आधार पर गांव के पीतम सिंह पुत्र राजवीर को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उससे पूछताछ के पुलिस के सामने वारदात में चौकाने वाला खुलासा हो पाया था। गांव के पीतम से मृतक की पत्नी कविता के संबंध थे। उसने साजिश रचते हुए पति कंवरपाल की हत्या करने के मकसद से योजनाबद्ध तरीके से जमीन दिखाने बलवाखेड़ी बुलाया। रात में उसे शराब पिलाई और गला घोटकर हत्या कर दी गई। घटना के खुलासे बे बाद हरियाणा के नामजद दोनों आरोपियों राहत मिल गई। मोबाइल सर्विलांस जान बचाने में बड़ा हथियार बना।