डीजे संचालक लापता, हत्या की आशंका
मुजफ्फरनगर/रामराज। मेेरठ बुकिंग पर डीजे लेकर गया नयागांव निवासी डीजे संचालक संदिग्ध हालात में लापता हो गया। परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताते हुए दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर जाम लगाते हुए जमकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने हरकत में आते हुए लापता युवक का डीजे पुरबालियान से बरामद कर लिया, लेकिन युवक का सुराग नहीं लग पाया। युवक के लापता होने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
रामराज थाना क्षेत्र के नयागांव निवासी जोगेंद्र (35) पुत्र रमेश डीजे का काम करता है। 26 मार्च को वह साथी नितिन के साथ डीजे बजाने के लिए मेरठ गया था, जहां से दोनों डीजे लेकर पुरबालियान नितिन की रिश्तेदारी में चले गए थे। इसके बाद जोगेंद्र संदिग्ध हालात में लापता हो गया था, जिसकी परिजन तलाश कर रहे थे। जोगेेंद्र के परिजनों के शब्दों में, बृहस्पतिवार को नितिन घर लौट आया, जिससे जोगेंद्र के बारे में पूछा गया तो उसने अनभिज्ञता जता दी। इस पर जोगेंद्र के परिजन थाने जा पहुंचे और नितिन पर बेटे को गायब करने का आरोप लगाते हुए उसकी हत्या की आशंका जताते हुए दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर जाम लगाते हुए थाने में भी हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर सीओ जानसठ सोमेंद्र सिंह नेगी रामराज, मीरापुर व जानसठ पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। मामला बढ़ता देख पुलिस ने नितिन को हिरासत में लिया, जिसने डीजे पुरबालियान अपनी रिश्तेदारी में होने की जानकारी दी। इस पर पुलिस ने पुुरबालियान में दबिश देकर जोगेंद्र का डीजे बरामद करते हुए एक युवक को भी हिरासत में ले लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। देर रात तक पुलिस हिरासत में लिए गए नितिन व उसके रिश्तेदार युवक से जोगेंद्र की बाबत पूछताछ कर रही थी। वहीं, जोगेेंद्र की हत्या होने से आशंकित उसके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।