खतौली। गली में बाइक खड़ी करने के विवाद में कई युवकों ने दुकानदार पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को पकड़ लिया। पीड़ित दुकानदार ने तहरीर देकर सुरक्षा की मांग की है।
जीटी रोड पर थाने के बराबर में त्रिभुवन जैन चाय की दुकान है। बराबर की दुकान में उसका पुत्र सुनील पुरानी बाइकों को बेचने का कारोबार करता है। दुकान के बाहर पुरानी बाइकों को खड़ी करने को लेकर पड़ोस में रहने वाली फातो और उसके लड़कों का कई दिनों से विवाद चल रहा है। रविवार शाम महिला ने सुनील के पुत्र सूजल के साथ मारपीट कर दी। सुनील ने पुलिस को तहरीर दे दी थी। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने सोमवार को दोनों पक्षों को बुलाया था। मगर इससे पहले ही दोनों पक्षों मेें फिर से विवाद हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस महिला को पकड़कर थाने में ले गई। इसी बीच महिला के लड़के फैजान, फरमान, तापिस और अन्य दो साथियों के साथ हाथों में चाकू व डंडे लेकर त्रिभुवन जैन की चाय की दुकान पर पहुंचे। इन्होंने त्रिभुवन पर हमला बोल दिया और दुकान में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फैजान और फरमान को पकड़ लिया, जबकि अन्य लोग वहां से भाग निकले। पुलिस ने घायल दुकानदार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने पीड़ित दुकान व उसके परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस तैनात कर दी है।