प्रेमी युगल को लेकर अस्पताल में बखेड़ा
मुजफ्फरनगर। गौतमबुद्धनगर से जिला चिकित्सालय में बीमार पिता को देखने आए प्रेमी युगल को लेकर परिसर में हंगामा खड़ा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। बाद में परिजनों के पहुंचने पर दोनों को उनके हवाले कर दिया गया।
गौतमबुद्धनगर के दनकौर स्थित भट्ठे पर शहर का सरवट निवासी युवक ट्रैक्टर चलाता है। भट्ठे पर ही दनकौर निवासी युवती मजदूरी करती है। दोनों मेें प्रेम प्रसंग हो गया। परिवार ने बंदिश लगाई तो दोनों घर छोड़कर फरार हो गए। इसी बीच युवक का पिता बीमार हो गया। रविवार रात पिता को बीमारी के चलते जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। पिता के बीमार होने का पता चला तो बेटा अपनी प्रेमिका के साथ उसे देखने अस्पताल पहुंचा। दोनों अस्पताल में बैठे थे, इसी बीच किसी ने वहां युवती पर कुछ टिप्पणी कर दी। इस बात का युवक ने विरोध जताया तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और परिसर में हंगामा खड़ा हो गया। घंटों वहां हंगामा होता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रेमी युगल को हिरासत में ले लिया। पता चलने पर रात में ही युवती के परिजन पुलिस के पास पहुंचे और कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। पुलिस ने लिखा-पढ़ी कर युवती को परिजनों के हवाले कर दिया और बाद में युवक को भी छोड़ दिया।