गोकशी पकड़ने गई छपार पुलिस पर पथराव, दरोगा समेत दो घायल
छपार। कसबे में गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस पर आरोपियों ने पथराव कर दिया। इतना ही नहीं महिलाओं ने भी पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की की। हमले में एक दरोगा और एक एचसीपी घायल हो गए। पुलिस ने पशु के कटे पैर और काटने के उपकरण बरामद किए हैं। घायलों का डॉक्टरी परीक्षण कराकर पुलिस ने महिलाओं सहित नौ लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। अभी तक कोई हमलावर नहीं पकड़ा गया है।
सोमवार को किसी ने डायल 100 को फोन कर बताया कि कस्बे के कुरैशियान मोहल्ले में गोकशी हो रही है। सूचना पर थाना प्रभारी राजीव गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने मकान की छत से पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। मकान के बाहर ही महिलाओं ने सामने आकर पुलिस वालों से धक्कामुक्की की। पथराव में उपनिरीक्षक तारिक वसीम और एचसीपी बिशमबीर घायल हो गए। पथराव के बीच ही पुलिस ने मकान में घुसकर पशु के कटे और काटने के उपकरण बरामद किए। पुलिस के मकान में घुसने पर आरोपी छत के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने तीन महिलाओं सहित नौ लोगों के विरुद्घ मुकदमा दर्ज कर लिया। एक माह पूर्व भी गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ मारपीट हुई थी। एसपी सिटी ओमबीर सिंह ने बताया कि आरोपियों के विरुद्घ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।