स्कूल में झाडू लगाते बच्चों की वीडिय़ो वायरल
जानसठ/सिखेड़ा (मुजफ्फरनगर)। गांव भंडूरा के प्राइमरी स्कूल में छात्र-छात्राओं से सफाई कराते हुए एक ग्रामीण ने मोबाइल से वीडियो बना ली। ग्रामीण ने इस वीडियो का सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इस मामले में जिलाधिकारी ने वीडियो का संज्ञान लेकर जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
गांव भंडूरा निवासी ग्रामीण तहजीब प्राइमरी स्कूल में बच्चे का दाखिला कराने के लिए गया। ग्रामीणों ने देखा कि स्कूल के बच्चे झाडू लगा रहे हैं। अध्यापिकाएं स्कूल से बाहर बैठी हुई थीं। बाकी छात्र-छात्राएं कमरे में बैठे थे। तहजीब ने बच्चों को स्कूल में झाडू लगाते हुए अपने मोबाइल से वीडियो बना दी। उसने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। स्कूल में झाडू लगाने का वीडियो वायरल होने से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। स्कूल के प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार मंगलवार की सुबह थाने में स्कूल की अध्यापिकाओं के साथ थाने पहुंचे। प्रधानाध्यापक ने तहजीब पर अध्यापिकाओं के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। उधर, जिलाधिकारी अजय शंकर पांडे ने इस मामले को संज्ञान में लेकर जांच के लिए टीम गठित कर दी है और सभी विद्यालयों में जांच करने के लिए आदेश दिए हैं। मंगलवार को बीएसए ने भी विद्यालय पहुंच कर ग्रामीणों से वीडियो वायरल के बारे में पूछताछ की। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में छात्र-छात्राओं से झाडू और अन्य कार्य कराया जाता है। गांव के जिम्मेदार लोगों की बैठक में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। प्रभारी निरीक्षक प्रेम प्रकाश शर्मा ने बताया गांव के जिम्मेदार लोग थाना आए थे। यहीं पर दोनों का आपस में फैसला हो गया है।