रंजिश में दो पक्षों में संघर्ष पथराव
खतौली। पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। मारपीट में एक पक्ष के लोगों ने पथराव करते हुए मकान में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। जिसको लेकर लोगों में अफरातफरी मच गई। पथराव में महिला सहित कई लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बामुश्किल दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत किया।
मोहल्ला सराफत कालोनी में निवासी आसिफ पुत्र इस्लाम की सोमवार को निकाह हुआ था। मंगलवार को निकाह के बाद आसिफ के घर पर वलीमा था। आरोप है कि पड़ोस के रहने वाले मोहसिन पक्ष के लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर रात के करीब 8.30 बजे के करीब हंगामा करते हुए आसिफ के घर में घुसकर मारपीट करते हुए तोड़फोड़ कर दी, जिसको लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने पथराव कर दिया। पथराव में दूसरे पक्ष से मेहरबारो पत्नी इस्लाम, अमतुल पत्नी मोहम्मद यासीन सहित कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।