युवती से दुष्कर्म कर बनाई क्लिप
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के गांव निवासी युवती को पिस्टल से आतंकित कर युवक ने उसके साथ दुष्कर्म कर वीडियो क्लिप बना ली। इसके बाद आरोपी क्लिप वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती ने तहरीर देकर बताया कि वह एक सरकारी महकमे में कार्यरत है। युवती के अनुसार कुछ समय पूर्व गांव का ही युवक उसके कार्यालय के पास मिला, जिसने उससे गांव जाने के लिए लिफ्ट मांगी थी। रास्ते में आरोपी ने युवती को एक होटल पर चाय पीने के बहाने रोककर धोखे से नशीली चाय पिला दी। युवती के नशे में आने के बाद आरोपी उसे लेकर किसी पहाड़ी इलाके में पहुंचा, जहां पिस्टल के बल पर आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म कर उसकी वीडियो क्लिप भी बना ली। आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार क्लिप वायरल करने की धमकी देकर युवती के साथ दुष्कर्म करता रहा। इसके चलते युवती मानसिक तनाव में आ गई। लंबे समय तक उपचार के बाद ठीक होने पर युवती ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।