मीरापुर। गांव कुतुबपुर में उधार की रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने हमला कर उधार देने वाले को घायल कर दिया। कुतुबपुर निवासी शीशपाल पुत्र मनिराम ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसने कुछ समय पूर्व गांव के ही सहंसरपाल को 50 हजार रुपये उसकी बेटी की शादी में बतौर उधार दिये थे। करीब एक साल बीत जाने के बाद शीशपाल ने अपने रुपये मांगे तो आरोप है कि उधार लेने वालों ने उस पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने उसे जानसठ सीएचसी उपचार के लिये भेजा। पुलिस मामले की छानबीन में लगी है।
आत्मरक्षा के लिए साहसी बनें बालिकाएं
मीरापुर। नारी सुरक्षा एवं जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत सीओ एसकेएस प्रताप ने स्थानीय सुक्खनलाल आर्दश कन्या इंटर कॉलेज में बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन और डायल 100 के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बालिकाएं किसी भी विषम परिस्थितियों में संघर्ष करने के लिये तैयार रहें। अपने पास मिर्च पाउडर स्प्रे रखें तथा सबसे पहले शोर मचाकर आरोपी का विरोध करें और तुरंत मोबाइल फोन से 1090 व डायल 100 का प्रयोग करें। महिला हेल्पलाइन से तुरंत सहयता मिलेगी। कालेज की दो छात्राओं ने अपनी समस्या बताई और पुलिस सहायता की मांग की। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह ने बालिकाओं को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया। मौके पर प्रधानाचार्या रेनु वेदी, अनिता शर्मा, रेखा जायसवाल, अंबिका जायसवाल, सुरज अरोरा, राकेश वर्मा, राजकुमार शर्मा, राजेन्द्र गिरी आदि मौजूद रहे।
छात्रा से छेड़छाड़
मीरापुर। भारतीय स्टेट बैंक के पीछे एक बस्ती में रहने वाली युवती से छेड़छाड़ करने के आरोप में पीड़िता के चाचा ने चार युवकों के विरुद्ध तहरीर दी है। तहरीर के अनुसार आरोपी युवक उसकी भतीजी को आते जाते समय परेशान करते हैं। युवती एक पाठ्यक्रम की छात्रा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।