तहसील में वकील और स्टांप विक्रेता के साथ मारपीट
खतौली। तहसील में चार लोगों ने अधिवक्ता और उसके भाई स्टांप विक्रेता को मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि दो आरोपी मारपीट कर 70 हजार रुपये की नगदी लूटकर फरार हो गए। वकीलों ने दो आरोपियों को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिए। इस घटना को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। अधिवक्ताओं ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग को लेकर एसडीएम का घेराव किया। एसडीएम ने पुलिस को आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। पुलिस इस घटना को पैसों के लेनदेन का मामला मानकर जांच पड़ताल में जुट गई है।
गांव आदमपुर मोचड़ी निवासी तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव अधिवक्ता सुभाषचंद तहसील में प्रैक्टिस करते हैं। उनके साथ उनका भाई महेशचंद भी चेंबर पर बैठता है। महेश चंद स्टांप विक्रेता है। अधिवक्ता सुभाष चंद ने बताया कि बृहस्पतिवार को उनके चेंबर पर चार लोग पहुंचे। इन लोगों ने दोनों भाइयों को मारपीट कर घायल कर दिया। इनमें से दो लोग महेश चंद से स्टांप की बिक्री के 70 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। मारपीट करने वाले दो आरोपियों को अधिवक्ताओं ने घेरकर पकड़ लिया। अधिवक्ताओं ने दोनों आरोपियों को मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। अधिवक्ताओं ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी का घेराव किया। एसडीएम ने पुलिस को कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। पीड़ित वकील ने पुलिस को मारपीट करने तथा 70 हजार रुपये लूटने की नामजद तहरीर दे दी है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस इस घटना को पैसों का लेनदेन मानकर जांच पड़ताल कर रही है।