शुक्रताल में लुटेरों ने मचाया आतंक
मोरना। शुक्रताल चौकी क्षेत्र में बदमाशों ने शुक्रवार को दिनदहाड़े राहगीरों से जमकर लूटपाट की। ग्रामीणों द्वारा घेराबंदी करने पर बदमाश बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने फोर्स के साथ जंगलों में कांबिंग की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा।
भोपा थाना क्षेत्र की शुक्रताल चौकी क्षेत्र में शुक्रवार को बाइक सवार तीन लुटेरों ने करीब तीन घंटे तक रोड होल्डअप को अंजाम दिया। लुटेरों का सबसे पहला शिकार गांव शेरपुर निवासी आरिफ बना, जो पत्नी गुलिस्तां, भाभी नईमा व भतीजे अयान के साथ मोरना से सीकरी जा रहा था। भोकरहेड़ी के पास जब वह पहुंचा, तीन बदमाशों ने उन्हें जबरन रोककर तमंचे लगा दिए। इसके बाद गोली मारने की धमकी देकर आरिफ से 13 हजार रुपये व मोबाइल, गुलिस्तां से सोने की झुमकी, चेन, पैंडल, अंगूठी व अन्य आभूषण लूट लिए। इसके बाद बदमाश आरिफ की बाइक की चाबी निकालकर फरार हो गए। दूसरी वारदात भोकरहेड़ी-लक्सर मार्ग पर सोलानी नदी पुल के पास हुई, जहां बदमाशों ने भोकरहेड़ी निवासी कल्लू से 4,500 रुपये लूट लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश भोकरहेड़ी शुक्रतारी मार्ग पर जा धमके और वहां खेत में काम कर रही भोकरहेड़ी निवासी ममता पत्नी हरेंद्र के कानों से कुंडल छीन लिए। विरोध करने पर महिला के साथ बदसलूकी की गई। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने गांव में पहुंचकर लोगों को घटना की जानकारी दे दी, जिस पर ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। उधर, बदमाश वहां से भागकर शुक्रताल मार्ग पर जा पहुंचे और वहां संजय व उसकी मां राखी को डरा-धमकाकर उनसे कुंडल, नकदी व अन्य सामान लूट लिया। इसके बाद बदमाशों ने शुक्रताल मार्ग पर ही मनीष व उसकी पत्नी मामो निवासी भुवापुर से भी लूटपाट की। उधर, लगातार लूटपाट की वारदातों को देख ग्रामीण एकजुट होकर बदमाशों की तलाश में लग गए और उन्हें फिरोजपुर के पास घेर लिया। खुद को घिरा देख बदमाश अपनी बाइक को वहीं छोड़ फरार हो गए। वहीं, एसपी देहात अजय कुमार सहदेव, सीओ भोपा राजीव गौतम व अन्य अफसर भी लूटपाट की लगातार घटनाओं की जानकारी पाकर घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद भारी फोर्स के साथ फिरोजपुर व आसपास के जंगल में बदमाशों की तलाश में कांबिंग अभियान चलाया गया, लेकिन देर रात तक उनका सुराग नहीं लगा। अब पुलिस बदमाशों द्वारा छोड़ी गई बाइक के आधार पर लुटेरों की धरपकड़ के प्रयास कर रही है। पुलिस ने लूट की ताबड़तोड़ वारदात करने वाले बदमाशों के विरुद्ध शहर कोतवाली के गांव शेरपुर निवासी आरिफ पुत्र युसुफ की ओर से लूट का मामला दर्ज कर लिया है।