पुलिस ने तीन वाहन चोर दबोचे
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। पुलिस ने चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से दो चोरी की बाइक एक तमंचा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।
इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान ने बताया कि बुधवार की देर रात भलवा चौकी पर वाहन चेकिंग के दौरान तीन युवक खतौली की ओर से दो बाइक पर आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोक कर तलाशी ली, तो उनके पास से एक तमंचा बरामद हुआ। पुलिस तीनों युवकों को थाने ले आई। पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड से बाइक चोरी करके यहां क्षेत्र में बेचने का काम करते हैं। आरोपियों ने अपने नाम जानसठ कोतवाली क्षेत्र के गांव बाजिदपुर निवासी अमित उर्फ बल्लू पुत्र भोपाल तथा दिल्ली के थाना गोलकपुरी के भागीरथी विहार कॉलोनी निवासी दिलीप पुत्र साहब सिंह, पप्पू पुत्र संतोष बताए। पुलिस ने बताया कि अमित पर हत्या के दो मुकदमो सहित आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज है। तीनों लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया गया।