मुजफ्फरनगर। चरथावल पुलिस ने युवती से सामूहिक दुष्कर्म करने वाले चचेरे दो भाइयों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी दधेडू निवासी उमर उर्फ सालिम पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। आरोपियों से दो तमंचे व बरामद हुए हैं।
पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने प्रेसवार्ता मेें बताया कि चरथावल क्षेत्र में एक युवती को प्रेम-प्रसंग में भट्ठे पर जेसीबी चलाने वाले आरोपी उमर ने मिलने के लिए बुलाया था। वह उसे बहला-फुसला कर दधेड़ पुल के पास ईख में ले गया था। वहां उसने अपने चचेरे भाई बागोवाली निवासी अब्दुल्ला को भी बुला लिया था। आरोप है कि दोनों ने युवती को नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। युवती का मेडिकल व कोर्ट में बयान भी दर्ज कराए गए। युवती ने कोर्ट में भी दो आरोपियों पर गलत काम करने का बयान दिया है।
पुलिस दोनों आरोपियों को तलाश रही थी। सोमवार रात में चरथावल थाना प्रभारी एसएन दहिया की टीम व एसओजी टीम को दधेडू खुर्द की तरह जाने वाले मार्ग पर दो युवक जाते दिखाई दिए।
उन्हें रोकने के प्रयास पर उन्होंने पुलिस पर तमंचे से गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में उमर घायल हो गया। कांबिंग के दौरान उसके चचेरे भाई को पकड़ा गया। दोनों आरोपियों की पहचान युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपियों के रूप में हुई।
बता दे कि पहले इस मामले में पांच युवकों को आरोपी बताया जा रहा था लेकिन पुलिस ने जांच पड़ताल में दो युवकों को आरोपी पाया। युवती ने भी दो युवकों पर गलत काम करने का आरोप लगाया है। एसएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया।