बुढ़ाना। बसी-वैल्ली मार्ग पर मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से पुलिस ने तमंचा, चाकू व ट्यूबवेल से चोरी किया गया सामान बरामद किया।
बुढ़ाना-खतौली मार्ग पर बृहस्पतिवार को चैकिंग के दौरान पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने घेराबंदी करके तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से तमंचा, दो चाकू व ट्यूबवैल से चोरी किया गया सामान बरामद किया।
पुलिस ने बताया कि 7 फरवरी की रात को बदमाशों ने वैल्ली गांव के कई किसानों की ट्यूबवैल से सामान चुराया था। गिरफ्तार आरोपी चोरी किए गए सामान को बेचने के लिए कहीं जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए बदमाश मुजफ्फर, रूपेश व सलीम रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव भनवाड़ा के रहने वाले हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों बदमाशों का चालान कर दिया।