जानसठ। सीएचसी प्रभारी ने स्वास्थ्य टीम के साथ प्राइवेट अस्पतालों का निरीक्षण किया। इस दौरान कस्बे में पानीपत खटीमा हाईवे पर एचडीएफसी बैंक के पास स्थित अर्बन हेल्थ केयर हॉस्पिटल की ओटी को सील कर दिया।
सीएचसी प्रभारी डाक्टर अर्जुन सिंह ने बताया कि शिकायत मिली थी कि कस्बे में कुछ प्राइवेट हॉस्पिटलों में सिजेरियन किए जा रहे हैं। इस शिकायत के संबंध में चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर अर्जुन सिंह मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की टीम को साथ लेकर जांच करने के लिए गए। जांच के दौरान बिना अनुमति के ऑपरेशन थियेटर संचालित होने के कारण अर्बन हेल्थ केयर हॉस्पिटल को नियमानुसार सील किया गया।
चिकित्सा प्रभारी ने बताया कि प्रकरण के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट सीएमओ और जिलाधिकारी को प्रेषित की जा रही है। डाॅक्टर अर्जुन सिंह ने बताया कि इसके अलावा कई प्राइवेट अस्पतालों में भी जांच की गई है। वहां पर ओटी संचालित नहीं मिली है। उन्हें चेतावनी दी गई है कि नियम विरुद्ध कोई भी कार्य करते हुए पाए गए तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।