मुजफ्फरनगर। स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय में तीन साल की मासूम मीरब पर कुत्तों के हमले से अस्पताल प्रबंधन ने कोई सबक नहीं सीखा। बरामदे और वार्ड में बच्चों के पास ही कुत्तों को मंडराते हुए देखा जा सकता है। यही नहीं जगह-जगह कुत्ते भीड़ भरे स्थानों पर लेटे हुए दिखते हैं।
मंगलवार को ईएनटी की ओपीडी के पास मरीजों और तीमारदारों के साथ आए बच्चे खड़े रहे। इन्हीं से कुछ दूरी पर कुत्ते भी घूमते रहे। खाने का सामान हाथ में दिखने पर बच्चों पर यहां कुत्ते गुर्राते हैं। धूप से बचने के लिए अस्पताल के कोनों में जगह ढूंढते हैं। शाम के समय कुत्तों के झुंड हमलावर हो जाते हैं।
अस्पताल प्रबंधन ने यहां काम करने वाले चौकीदारों को अलर्ट जरूर किया है लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की ओर अभी प्रयास नहीं किए गए।