मुजफ्फरनगर। मुनाफे के लालच में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। वहलना में छापे के दौरान बरामद सरसों के तेल की जांच में स्वास्थ्य को भारी नुकसान पहुंचाने वाले आरजीमोन तत्व की उपस्थिति पाई गई। जबकि रिफाइंड रास ब्रान के तेल में अरंडी का तेल मिला पाया गया।
शुक्रवार को थाना खालापार क्षेत्र के गांव वहलना में स्थित काव्य ट्रेडिंग कंपनी पर सहारनपुर से पहुंचे मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीके राठी के नेतृत्व में जांच की गई। मौके पर अलग-अलग 10 ब्रांड का खाद्य तेल विक्रय के लिए पैक्ड अवस्था में पाया गया है। विभिन्न 15 नामों की पैकिंग भी मौके से बरामद हुई है।
जांच के लिए सात नमूने लिए गए हैं। खाद्य तेल के एक नमूने की जांच एफएसडब्लू वैन के माध्यम से मौके पर ही की गई। खाद्य तेल की शुरुआती जांच में सरसों के तेल में प्रतिबंधित लाल रंग, आरजीमोन और रास ब्रान के तेल में अरंडी का तेल यानी केस्टर आयल की मिलावट पाई गई।
अखाद्य लाल रंग सहित आरजीमोन से ड्राप्सी की बीमारी एवं अरंडी के तेल से पेट संबंधी अन्य परेशानियां होने का खतरा रहता है। टीम में शामिल अधिकारियों ने मौके पर ही फैक्टरी संचालक को हिरासत में लेकर थाना खालापार में आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया। आरोपी विक्रांत मित्तल को पुलिस ने तुरंत ही गिरफ्तार कर लिया था।