शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में कैराना रोड पर पशु पैठ के निकट भैंसा बुग्गी में टक्कर लगने पर टैंपाे सवार मां-बेटे की सड़क पर गिरने से मौत हो गई। परिजनों ने गमगीन माहौल में दोनों के शवों को सुपुर्दे खाक कर दिया। परिजनों ने इस मामले की पुलिस को सूचना नहीं दी है।
शामली शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कलंदरशाह पंसारियान निवासी गल्लो अपने सात वर्षीय बेटे माहिर के साथ रविवार रिश्तेदारी में कैराना गई थी। देर रात में मां-बेटे टैंपो में सवार होकर घर लौट रहे थे। जब टैंपो कैराना रोड पर पशु पैठ के निकट पहुंचा तो भैंसा बुग्गी से टकरा गया। टक्कर लगने से टैंपो में सवार मां-बेटा सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायल मां-बेटा को निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में टैंपो सवार कई अन्य के भी चोट लगना बताया है। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और दोनों के शव लेकर घर पहुंचे। परिजनों ने सोमवार सुबह को मां-बेटे के शवों को गमगीन माहौल में सुपुर्दे खाक कर दिया। परिजनों ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी। इस संबंध में एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि यह मामला जानकारी में नहीं है और न ही परिजनों की तरफ से पुलिस को कोई सूचना दी गई है।