मुजफ्फरनगर में आसाराम के रसोइए अखिल गुप्ता के हत्यारोपी कार्तिक हलदार की पेशी को लेकर प्रभारी निरीक्षक ने कोर्ट में पेश होकर गुजरात पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। निरीक्षक की गुहार पर कोर्ट ने अहमदाबाद पुलिस को कड़ी चिट्ठी लिखते हुए हर हाल में चार जनवरी को आरोपी को कोर्ट में पेश करने के लिए कहा है। कोतवाली पुलिस की एक टीम आदेश की प्रति के साथ गुजरात रवाना हो गई है।
आसाराम के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म के मामले में मुख्य गवाह गीता एनक्लेव निवासी अखिल गुप्ता की 11 जनवरी 2015 को नईमंडी कोतवाली क्षेत्र में जानसठ रोड पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड के आरोपी पुलिस पकड़ से दूर रहे। इसी बीच मार्च में गुजरात एटीएस ने पश्चिम बंगाल निवासी कार्तिक हलदार को छत्तीसगढ़ से दबोच लिया।
कोतवाली पुलिस ने अहमदाबाद जाकर आरोपी से पूछताछ की तो उसने अखिल की हत्या की बात स्वीकार की। मार्च से आज तक पुलिस हलदार को कोर्ट में पेश करने के प्रयासों में जुटी है। स्थानीय कोर्ट से पांच बार बी-वारंट का रिमाइंडर जाने के बाद भी अभी तक गुजरात पुलिस उसे एक बार भी लेकर नहीं आई है।
कई कोतवाल आए और चले गए, लेकिन हलदार की पेशी लटकी रही। नए आए कोतवाल प्रवीण यादव मामले की गंभीरता को देखते हुए खुद स्थानीय कोर्ट में पेश हुए और कोर्ट को गुजरात पुलिस की लापरवाही बताते हुए आरोपी की पेशी को लेकर रिमाइंडर की गुहार लगाई।