कोरोना का संक्रमण देहात में कम, शहर में ज्यादा
मुजफ्फरनगर। जहां इंग्लैंड से आया नया कोरोना स्ट्रेन सिर उठा रहा है, वहीं जिले में अचानक कोरोना संक्रमण में कमी आई है। हालांकि शहरी क्षेत्र में ज्यादा संक्रमण है, देहात में कम मरीज मिल रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल भी कम कर दिए हैं। दिसंबर में अभी तक 1101 मरीज कोरोना के मिल चुके हैं, जिनमें से 755 केस शहरी क्षेत्र के हैं।
जिले में कोरोना का संक्रमण सबसे अधिक सितंबर में फैला था। इस माह में 41 लोगों की मौत हुई थी तथा 1634 मरीज मिले थे। इसके बाद से मरीजों की संख्या कम होती रही। अक्तूबर में 1234 और नवंबर में 1137 मरीज मिले थे। दिसंबर में अभी तक 1101 मरीज मिल चुके है। हालांकि अक्तूबर में 12 और नवंबर में 11 मरीजों की मौत हुई। दिसंबर में भी मौत का आंकड़ा 11 पर पहुंच गया है। अभी तक जिले में 104 लोगों की मौत हो चुकी है तथा 7995 कोरोना के केस मिल चुके हैं, जिनमें से 7579 मरीज ठीक हो गए हैं। एक माह में कोरोना का संक्रमण देहात में बहुत कम मिला, जबकि शहरी क्षेत्र में अधिक संक्रमण फैल रहा है।
मरीजों के कम मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल लेने और एंटीजन जांच भी कम कर दी है। सितंबर और अक्तूबर में जहां तीन हजार तक रोजाना जांच होती थीं, वो अब घट कर 1800 से लेकर 2000 हजार तक आ गई हैं। एडीएम वित्त आलोक कुमार का कहना है कि कोरोना संक्रमण में कमी आई है, इसलिए सैंपल भी कम किए गए है। सीएमओ डॉ प्रवीण चोपड़ा ने बताया कि रोजाना नौ सौ से अधिक आरटीपीसीआर के सैंपल लिए जा रहे हैं तथा इतने ही लोगों के एंटीजन टेस्ट किए जा रहे हैं। शहरी क्षेत्र में लोग कोविड के प्रति लापरवाही दिखाते हैं, इसलिए देहात के मुकाबले शहरी क्षेत्र में ज्यादा मरीज मिल रहे हैं।