मृतक सिपाही धीरज कुमार (फाइल फोटो)
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। भायला पुलिस चौकी पर तैनात बीट सिपाही धीरज चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में अपनी ही सर्विस रिवाल्वर से गोली लगने से मौत हो गई। जिस समय सिपाही की मौत हुई, वह परिवार के साथ अपने घर पर ही मौजूद था। सिपाही की मौत की सूचना मिलने पर अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या मान कर जांच कर रही है। जानकारी मिलने पर एसपी देहात अतुल शर्मा भी देवबंद पहुंच गए थे।
बागपत जनपद में छपरौली के बदरखां गांव निवासी धीरज चौधरी पुत्र धर्मपाल सिंह वर्ष 2011 में पुलिस में भर्ती हुए थे। कोतवाली नगर सहारनपुर से 19 जनवरी 2021 को धीरज को देवबंद थाने में भेजा गया था। वर्तमान में वह भायला पुलिस चौकी पर तैनात थे और पत्नी व पांच वर्षीय बेटी के साथ नगर की विवेक विहार कॉलोनी में किराए के मकान रह रहे थे। बृहस्पतिवार की शाम धीरज कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में अपनी ही सर्विस रिवाल्वर से गोली लगने से मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोग दौड़कर वहां पहुंचे तो धीरज लहूलुहान फर्श पर पड़े थे। गोली मुंह से होते हुए सिर के दूसरी तरफ निकल गई। मौके पर दो खाली खोखे भी पड़े हुए थे। सूचना मिलने पर सीओ रजनीश कुमार उपाध्याय और इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और सिपाही को सरकारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीओ रजनीश कुमार उपाध्याय का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, धीरज की अचानक हुई मौत से उनकी पत्नी सदमे में है, जबकि उनकी पांच वर्षीय बेटी को आस पड़ोस के लोग संभाल रहे हैं।
धीरज मुझे बता रहे थे गोली कैसे चलती है
देवबंद। अस्पताल में बदहवाश हालत में बैठे सिपाही धीरज कुमार की पत्नी रोते हुए कह रही थी की धीरज उसे गोली किस तरह चलती है यह बता रहे थे। अचानक तेज आवाज हुई और धीरज फर्श पर पड़े हुए दिखाई दिए। जिस समय गोली चली उस समय पांच वर्षीय बेटी भी धीरज के पास बैठी खिलौनों से खेल रही थी।
सिपाही की मौत के बाद सीएचसी में मौजूद पुलिस अधिकारी- फोटो : DEVBAND
सरकारी अस्पताल में रोती बिलखती सिपाही धीरज कुमार की पत्नी- फोटो : DEVBAND