सीओ से नोकझोंक करते रालोद कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
प्रकाश चौक पर ट्रैक्टर रोकने पर कलक्ट्रेट में धरना देने जा रहे रालोद नेता अभिषेक चौधरी की सीओ सिटी के साथ तीखी नोकझोंक हुई। रालोद नेताओं ने सीओ को सपा का एजेंट बताते हुए कार्रवाई को लेकर तीखा रोष प्रकट किया। बाद में मामला शांत होने के बाद नेता वहां से अपने धरनास्थल पर चले गए।
कलक्ट्रेट में सोमवार को किसानों की समस्याओं को लेकर रालोद ने धरना प्रदर्शन किया। रालोद नेता अभिषेक चौधरी ट्रैक्टरों की काफिलों के साथ धरने में शामिल हुए। धरने के लिए ट्रैक्टरों पर सवार होकर किसान और कार्यकर्ता जब प्रकाश चौक पर पहुंचे तो कचहरी गेट पर मौजूद सीओ सिटी डॉ तेजवीर सिंह ने किसानों और रालोद नेताओं को रोकने का प्रयास किया।
जिस पर अभिषेक चौधरी भी वहां पहुंच गए। सीओ और अभिषेक में मामले को लेकर तीखी नोकझोंक हुई। अभिषेक चौधरी ने सीओ पर सपा के एजेंट के रुप में काम करने का आरोप लगाया। मामला बढ़ता देख वहां मौजूद शहर कोतवाल चमन सिंह चावड़ा ने किसी तरह से मामले को शांत किया। मामला शांत होने के बाद रालोद नेता अपने धरनास्थल की ओर चले गए।