किसानों की समस्याओं को लेकर रालोद ने सोमवार को कलक्ट्रेट में डेरा डाल दिया। धरना-प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। रालोद ने किसानों की बिना मर्जी के फसल बीमा योजना में प्रीमियम काटे जाने और गन्ना भुगतान नहीं होने का मुद्दा उठाया।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत जिले भर से रालोद कार्यकर्ताओं ने किसानों के साथ सोमवार को डीएम कार्यालय पर धरना दिया। प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। एमएलसी मुश्ताक चौधरी ने कहा कि इस समय किसान की पीड़ा सुनने वाला कोई नहीं है। पूर्व मंत्री धर्मवीर बालियान, योगराज सिंह ने कहा कि किसानों की बिना मर्जी के बैंक फसल बीमा योजना में प्रीमियम काट रहे हैं, इस पर तुरंत पाबंदी लगनी चाहिए।
गन्ना भुगतान रोकने वाली चीनी मिलों तितावी, भैंसाना, खाईखेड़ी पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। पूर्व विधायक राजपाल बालियान ने कहा कि जिले में अपराध चरम पर हैं, कोई भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। प्रदेश और केंद्र सरकार आम जनता की समस्याओं का निराकरण करने में विफल है। पूर्व विधायक मिथलेश पाल, अभिषेक चौधरी, जिलाध्यक्ष अजीत राठी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रमा नागर, राजेश्वरदत्त त्यागी,
बालेश्वर त्यागी, अंजु शर्मा, अभिषेक चौधरी, बॉबी त्यागी, सलमान जैदी, सौरभ पुंडीर, हरीश त्यागी, कृष्णपाल राठी, कंवरपाल फौजी, सत्यवीर वर्मा, संजय राठी, उदयवीर सिंह, योगेंद्र, विनोद आदि ने भी विचार रखे। इस दौरान संतोष प्रधान, जगपाल, विदित प्रधान, सुकर्मपाल, अंकित सहरावत, धर्मेंद्र तोमर, जयप्रकाश शास्त्री, प्रमोद भैंसी, मुकेश प्रधान भैंसी आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता अजीत राठी और संचालन सुधीर भारतीय ने किया।