सीओ ने ककरौली थाने के पुलिसकर्मियों से की गई पूछताछ
मोरना (मुजफ्फरनगर)। ककरौली थाने में भूत प्रकरण में एसएसपी अभिषेक यादव के आदेश पर सीओ भोपा राममोहन शर्मा ने ककरौली थाने पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिसकर्मियों से बात करने के साथ ही सीओ ने भूतहा बताए जा रहे कमरों की भी जांच की।
ककरौली थाने में कुछ दिन से भूतिया साए की चर्चाएं जोरों पर हैं। एक दरोगा समेत कुछ पुलिसकर्मियों ने अपने आवासीय कमरों में रहस्यमयी घटनाएं होने का दावा किया था। भूत के साए के खौफ का आलम यह है कि पुलिसकर्मियों ने कमरे में अकेले रहना बंद करते हुए एक-दूसरे के साथ एक ही कमरे में रहना शुरू कर दिया था। मामला अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देश पर सीओ भोपा राममोहन शर्मा शनिवार को इस मामले की जांच करने ककरौली थाने पहुंचे। थाने में सीओ ने संबंधित पुलिसकर्मियों से वार्ता करने के साथ ही भूतहा बताए जा रहे कमरों को भी देखा। इस संबंध में सीओ द्वारा एसएसपी को जांच रिपोर्ट दी जाएगी, जिसके बाद मामले में आगे होने वाली कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल कोई भी अफसर इस मामले पर कुछ बोलने को तैयार नहीं है।