मुजफ्फरनगर। सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने अनधिकृत और झोलाछाप चिकित्सकों की जांच और कार्रवाई के लिए दो सदस्यीय टीम का गठन किया है। टीम में डिप्टी सीएमओ डॉ. महक सिंह और डॉ. अजय कुमार को शामिल किया गया है।
अपर निदेशक स्वास्थ्य की ओर से जनपद में अनधिकृत एवं झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी गई थी। सीएमओ ने बताया कि टीम संबंधित क्षेत्रों में जांच कर ऐसे लोगों को चिह्नित करेगी, जो बिना निर्धारित योग्यता और पंजीकरण मरीजों का उपचार कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग का फोकस शहरी सहित ग्रामीण और कस्बा क्षेत्रों के उन क्लीनिक पर रहेगा, जहां बिना मान्यता प्राप्त डिग्री या आवश्यक पंजीकरण के मरीजों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
-एडी हेल्थ से शिकायत के बाद सक्रिय हुआ स्वास्थ्य विभाग
चरथावल के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी आरटीआई कार्यकर्ता अजय त्यागी की ओर से अपर निदेशक स्वास्थ्य को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया गया था कि जनपद में अपंजीकृत और झोलाछाप चिकित्सकों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। साथ ही आरटीआई के तहत सीएमओ से भी अपंजीकृत चिकित्सकों पर की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी थी। उनके शिकायती पत्र का हवाला देते हुए अपर निदेशक स्वास्थ्य ने सीएमओ को पत्र लिखकर कार्रवाई के निर्देश दिए। आरटीआई कार्यकर्ता की ओर से की गई शिकायत में शहरी क्षेत्र के न्यू लाइफ हॉस्पिटल, इंडियन हॉस्पिटल, गैलेक्सी, जीवनदाता हॉस्पिटल और पुरकाजी क्षेत्र के आनंद सिटी हॉस्पिटल खतौली के दयालपुर में अनीता हॉस्पिटल आदि पर की गई कार्रवाई को अपूर्ण बताया गया है।