प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव चुनावी जनसभा को संबोधित करने बृहस्पतिवार को नगर में आ रहे हैं। बुधवार देर शाम तक जनसभा के लिए मंच और हेलीपैड बनकर तैयार हो गया। एसपी सिटी राजेश कुमार ने सीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार नवीन मंडी में मुख्यमंत्री सुबह दस बजे पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे। वे सपा प्रत्याशी चंदन सिंह चौहान के समर्थन में प्रचार करने के लिए आ रहे हैं। मंगलवार से ही जनसभा की तैयारी को लेकर मंच और हेलीपैड बनवाने की तैयारी शुरू कर दी गई थी। मंगलवार को डीएम दिनेश कुमार सिंह और डीआईजी जितेंद्र कुमार शाही ने सभास्थल का निरीक्षण करते हुए हरी झंडी दे दी थी।
बुधवार को एसपी सिटी राजेश कुमार ने सभास्थल पर पहुंचकर सीएम की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिसकर्मियों की बैठक ली। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान सीओ हरिराम यादव और इंस्पेक्टर केपी सिंह भी मौजूद रहे।
एसपी देहात ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया
बुढ़ाना। कस्बे के डीएवी इंटर कॉलेज के मैदान में दो फरवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की चुनावी सभा की तैयारी प्रशासन द्वारा पूरी कर ली गई है। एसपी देहात विनीत भटनागर तथा एलआईयू ने सभास्थल का निरीक्षण किया। सभा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुरक्षाकर्मियों को विभिन्न निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के पहले चरण में होने वाले मतदान के लिए सपा की इस जनपद में चुनावी सभा 2 फरवरी को कस्बे के डीएवी इंटर कॉलेज के मैदान में होगी। सीएम की इस रैली के लिए प्रशासन द्वारा सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। हैलीपैड, बैरीकेटिंग, मंच सब कुछ तैयार हो गया है।
सभा स्थल पर एसपी देहात विनीत भटनागर तथा एलआईयू ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। एसपी देहात ने सुरक्षाकर्मियों की मीटिंग में विभिन्न निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी जाएगी। सभा स्थल में आने वाले व्यक्ति की तलाशी ली जाएगी। सभास्थल पर सुरक्षाकर्मियों के साथ मीटिंग में सीओ मोहन लाल, इंस्पेक्टर डीके त्यागी भी मौजूद रहे।