-घायलों को चिकित्सालय में भर्ती कराया, दोनों पक्षों ने दी एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। फुगाना थाना क्षेत्र के सरनावली गांव में गोवर्धन पूजा के बाद पटाखे छोड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस विवाद के बाद हुई मारपीट और लाठी-डंडे के हमले में एक महिला सहित चार ग्रामीण घायल हो गए। घायलों को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
गांव सरनावली में राजीव (42) का परिवार गोवर्धन पूजा के बाद पटाखे छुड़ा रहा था। दूसरे पक्ष के लोकेश (40) ने आरोप लगाया कि उनके मकान के सामने पटाखे छोड़े गए। लोकेश की माता कमलेश (60) ने तेज आवाज सुनकर बाहर आकर पटाखे छोड़ने से मना किया। इसी बात पर राजीव और लोकेश के परिवारों के बीच गाली-गलौज हुई और फिर एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। आरोप है कि राजीव के परिवार ने मकान की छत से पथराव भी किया। इस घटना में कमलेश, उनका बेटा प्रवीण (32), राजीव और संजीव घायल हो गए। सूचना मिलने पर फुगाना पुलिस मौके पर पहुंची।
घायल हुए सभी लोगों को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। फुगाना सीओ नरेंद्र यादव ने बताया कि दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति विकास और राजीव का शांति भंग की धाराओं में चालान किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।