शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कोर्ट रोड पर अवैध रूप से निर्मित दुकानें तोड़ दी गई। सड़क पर किए गए अवैध निर्माण को जेसीबी मशीन ने ध्वस्त कर दिया। इस दौरान गुस्साए व्यापारियों की सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी से बहस हुई। प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए महावीर चौक से झांकी रानी चौक तक अतिक्रमण हटवाया। अवैध होर्डिग्स और सड़क पर रखी गई टीन की दुकानें तोड़ दी गई।
बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट वैभव मिश्रा और सीओ सिटी हरीश भदौरिया दो थानों की फोर्स और नगरपालिका परिषद के लाव लश्कर के साथ सड़कों पर उतरे। महावीर चौक से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया। यहां पर अफसरों ने जैसे ही कार्रवाई शुरू की, तो पूरे शहर में इसकी हलचल नजर आई। झांसी की रानी भगत सिंह रोड पर अतिक्रमण करने वाले, ठेले और ठीये जमाने वाले माल समेटकर गायब होने लगे।
महावीर चौक से प्रकाश चौक तक अफसरों ने अस्थायी अतिक्रमण हटवाने के साथ ही सड़क किनारे लगे अवैध होर्डिंग्स को भी जड़ समेत उखड़वा दिया। प्रकाश चौक से झांसी की रानी की ओर अफसरों का दल मुड़ा तो व्यापारियों में बेचैनी और बढ़ गई। टीम जब जिला सहकारी बैंक के समीप पहुंची, तो यहां बैंक के बाहर सड़क पर ही स्थापित आठ-दस खोखो पर उसकी निगाह टिक गई।
सिटी मजिस्ट्रेट ने नगरपालिका परिषद के ईओ विकास सैन को इन खोखो को हटवाने के निर्देश दिए। इस पर दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध किया। दुकानदारों और व्यापारी नेताओं की मजिस्ट्रेट के साथ बहस भी हुई। सिटी मजिस्ट्रेट ने खोखो को जेसीबी मशीन से ध्वस्त करा दिया। अभियान मूलचंद स्वीट्स, शिव चौक, एसडी कॉलेज मार्किट होते हुए झांसी की रानी पार्क तक आकर रोक दिया गया।
सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि अभियान शहर में अतिक्रमण करने वालों के लिए एक चेतावनी थी। किसी भी दुकानदार पर कोई जुर्माना नहीं किया गया है। कुछ स्थायी अतिक्रमण को दो दिन का समय दिया गया है, यदि वो नहीं हटाते हैं तो उसको तोड़ा जायेगा। वीडियोग्राफी करा ली गई है, कल जो भी अतिक्रमण करता पाया जाएगा, उस पर नगरपालिका जुर्माना करेगी। तीसरी बार अतिक्रमण पाए जाने पर एफआईआर होगी।
अभियान में पालिका ईओ विकास सैन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आरएस राठी, कर अधीक्षक आरडी पोरवाल, जेई जलकल एसके सिंघल, जेई निर्माण केके सिंघल, इंस्पेक्टर कोतवाली अनिल कुमार कपरवान, इंस्पेक्टर सिविल लाइन डीके त्यागी, टीएसआई राजेश कुमार, कर निरीक्षक पालिका विजय कुमार, लिपिक गोपीचन्द वर्मा, बिजेन्द्र सिंह, मकेश शर्मा, संजय कुमार गुप्ता, पप्पू आदि टीम में शामिल रहे।
करंट से रुका अभियान
मुजफ्फरनगर। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जब जिला सहकारी बैंक के सामने रखे खोखो को हटवाने के लिए जेसीबी से कार्यवाही शुरू की गई, तो वहां से गुजर रही विद्युत लाइन में करंट के कारण ये कार्रवाई रोक दी गई। सिटी मजिस्ट्रेट ने एक्सईन विद्युत नगरीय अवनीश कुमार को फोन कर महावीर चौक से शिव चौक तक विद्युत आपूर्ति बंद कराने को कहा, तब तक अभियान रुका रहा।
दस से दो बजे तक चलेगा अभियान
मुजफ्फरनगर। सिटी मजिस्ट्रेट वैभव मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार को दिन में दस बजे से दो बजे तक अभियान चलाया जाएगा। झांसी की रानी से टाउन हाल रोड पर मुख्य फोकस रहेगा। अभियान लगातार आगे बढ़ता रहेगा।