भौराकलां। गांव गढ़ी नौआबाद और मोहम्मदपुर रायसिंह के दो पहलवानों ने हिमाचल प्रदेश में आयोजित दंगल में गोल्ड मेडल जीत कर जिले का नाम रोशन किया है। गांव आने पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नया नगर में तीन दिन पहले दंगल का आयोजन किया गया था, जिसमें हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों के पहलवानों ने भाग लिया ।
खेकड़ा के दादा महारम अखाड़ा की ओर से गढ़ी नौआबाद निवासी मोहित पुत्र धर्मवीर ने 57 किलो भार वर्ग में शोभित को पछाड़कर कुश्ती में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इन्हें गोल्ड मैडल प्रदान किया गया। क्षेत्र के ही मोहम्मदपुर रायसिंह निवासी विकास पुत्र हरेन्द्र ने 50 किलो भार वर्ग में आशीष को पछाड़कर प्रथम स्थान प्राप्तकर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। दोनों पहलवानों ने जीत का श्रेय अपने गुरु बिन्दू को दिया। इन पहलवानों के शानदार प्रदर्शन काे सराहा गया।