सपा लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि नोट नहीं मोदी को बदलो। मोदी ने गरीब, मजदूर, किसान को बैंकों मेें लाइन लगाकर परेशान कर दिया है। उन्होंने कहा कि चाइना का विरोध करने वाली बीजेपी पेटीएम का काम उसी को दे रही है। प्रदेश में जितना काम 50 साल में नहीं हुआ अखिलेश यादव ने पांच साल में कर दिया है।
सपा कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता में चंद्रशेखर यादव ने कहा कि सपा के युवा कार्यकर्ता अनुशासन में रहकर समाज और पार्टी हित के लिए कार्य करेंगे। अखिलेश सरकार ने पांच साल में इतना कार्य किया है कि इस प्रदेश में इतना कार्य 50 सालों में भी नहीं हो सका। सपा सरकार ने युवाओं को लैपटॉप और स्मार्ट फोन मुफ्त देने का काम किया। आम जनता को पढ़ाई, दवाई और सिंचाई मुफ्त दी। सपा के युवा कार्यकर्ता आम जनता को पार्टी की उपलब्धियां बताएंगे।
सपा युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक सिंह आसु ने कहा कि इस देश का आंसू बहाने वाला प्रधानमंत्री नहीं चाहिए, आंसू पोंछने वाला पीएम चाहिए। दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात करने वाली भाजपा ने उनका रोजगार भी छीन लिया किसी तरह अपने परिवारों का पेट पाल रहे थे। युवाओं के हाथ झाडू थमा दी। देश के एक फीसदी लोगों के काले धन को पकड़ने के लिए 99 प्रतिशत जनता को लाइन में लगा दिया।
उन्होंने कहा कि सपा की योजनाएं किसी से जाति-धर्म के बारे में नहीं पूछती। पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष इलम सिंह, गौरव स्वरूप, उमा किरण, साजिद हसन, वसी अंसारी आदि मौजूद रहे। इससे पहले सपा के यूथ विंग के नेताओं ने समीक्षा बैठक की। कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि वह दीवार कब्जाने का काम न करें, लोगों के दिल जीतने का काम करें। सपा की सभी युवा विंग के पदाधिकारी इस अवसर पर मौजूद रहे।