चेतन हत्याकांड : हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए जाम लगाया, पुलिस से हाथापाई
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। गोधना गांव में हुई चेतन की हत्या को लेकर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद ग्रामीणों ने शव को थाने पर रखना चाहा, जिसका पुलिस ने विरोध किया। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रख कर पुरकाजी-लक्सर मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीण फिर से शव उठा कर थाने की ओर चले तो पुलिस से ग्रामीणों की हाथापाई व धक्कामुक्की भी हुई। पुरकाजी में गंगनहर पुल पर पुलिस ने जबरदस्त नाकेबंदी की, तो ग्रामीण वहीं शव लेकर बैठ गए। बाद में शाम छह बजे एसडीएम सदर कुमार धर्मेंद्र ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का समय मांगते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब तीन घंटे से जारी हंगामा थमा। पुलिस की मौजूदगी में शाम गांव ले जाकर शव का दाह संस्कार किया गया। उधर, पुलिस रात को मुख्य हत्यारोपी भारत को गिरफ्तार कर लिया। गांव में तनाव के चलते पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव गोधना निवासी मनोज शर्मा के युवा बेटे चेतन की बुधवार शाम गांव के ही भारत ने साथियों के साथ पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। उसके ताऊ दिनेश शर्मा ने भारत और अभिषेक समेत चार के खिलाफ हत्या को मुकदमा दर्ज कराया था। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद दोपहर करीब तीन बजे जैसे ही शव गांव गोधना में आया तो परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर हंगामा शुरू कर दिया। परिजन ग्रामीणों के साथ ट्रैक्टर ट्रालियों में बैठकर शव को लेकर पुरकाजी थाने पर ले जाने के लिए चल दिए। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, मगर परिजन नहीं माने। पुलिस ने भागदौड़ कर ग्रामीणों को गांव सुवाहेड़ी के निकट लक्सर रोड पर रोक कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, जिस पर परिजनों की पुलिस के साथ धक्कामुक्की और हाथापाई भी हुई। इस दौरान महिलाओं ने पुलिस पर आरोपियों से साठगांठ का आरोप लगाकर खरी-खोटी भी सुनाई। शव को वहीं रख्रकर जाम लगा दिया। काफी देर तक जद्दोजहद के बाद ग्रामीण शव लेकर फिर थाने की और चल दिये। तो पुलिस ने उन्हें धमात गंग नहर पर रोक लिया।
मामला बढ़ता देख सीओ सदर धनंजय कुशवाह द्वारा तीन घंटे में हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लेने का आश्वासन देने पर ग्रामीण शव को धमात गंग नहर पर लेकर रुक गए। शाम करीब छह बजे मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर कुमार धर्मेंद्र व सीओ सदर द्वारा 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देने पर ग्रामीण शव को लेकर वापस चले गए। ग्रामीणों के साथ मौजूद ग्राम प्रधान अफसर अली ने गिरफ्तारी नहीं होने पर 21 जुलाई को थाने पर धरना देने की चेतावनी दी है। देर शाम को पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया गया। उधर, देर रात को पुलिस ने मुख्य हत्यारोपी भारत को गिरफ्तार कर लिया।
मां-बहन का विलाप देखकर लोगों की आंखें भर आई
पुरकाजी। मृतक चेतन की मां सुमन और बहन दीपांशी का विलाप देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखे भर आई। लोगों ने उन्हें ढांढ़स बंधाकर समझाया। मगर वह शव से लिपटकर विलाप करती रही। अपने भाई को बार-बार उठने के लिए कहती रही।