उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में युवक को चौकी पर लाकर उसकी बेरहमी से पिटाई करने के मामले में हरसौली चौकी प्रभारी व सिपाही को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। वीडियो करीब 20 दिन पुराना बताया जा रहा है, जिसमें पिटने वाले युवक का भी कोई रिकॉर्ड थाने में नहीं है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
सोशल मीडिया पर शुक्रवार रात एक वीडियो क्लिप वायरल हुई, जिसमें एक कमरे में दो पुलिसकर्मी एक युवक की फट्टे से पिटाई कर रहे थे। इसका वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी अभिषेक यादव ने मामले की जांच कराई, जिसमें उक्त वीडियो शाहपुर थाना क्षेत्र की हरसौली चौकी का पाया गया।
यह भी पढ़ें:
मुजफ्फरनगर: ASP टिंकी की प्रतिमा का एसएसपी ने किया अनावरण, छह साल की नौकरी में किए थे 49 सनसनीखेज खुलासे
एसएसपी ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद उसमें नजर आ रहे हरसौली चौकी प्रभारी एसआई संदीप चौधरी और कांस्टेबल प्रशांत कुमार को देर रात में ही सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की जांच एएसपी को सौंपी गई है, जिसकी जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि उक्त वीडियो करीब 20 दिन पुराना है, क्योंकि एसआई संदीप चौधरी की हरसौली चौकी पर बतौर प्रभारी नियुक्ति 12 जनवरी को ही की गई थी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/