छपार के युवक की गाजियाबाद में कोरोना से मौत
छपार (मुजफ्फरनगर)। कस्बा निवासी युवक की गाजियाबाद में कोरोना वायरस की चपेट में आकर मौत हो गई। उसके शव का वहीं अंतिम संस्कार किया गया है।
छपार कस्बा निवासी एक ग्रामीण परिवार के साथ काफी समय से गाजियाबाद में रह रहे हैं। उनका 35 साल का बेटा गाजियाबाद में ही किसी कंपनी में नौकरी करता था। ग्रामीण के कस्बा निवासी भाई ने बताया कि 23 जुलाई को अचानक उसके भतीजे की तबीयत खराब हो गई। उसे हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां जांच में उसके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। इसके बाद युवक को मोहन नगर के नरेंद्र मोहन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। युवक की पत्नी भी जांच में कोरोना पॉजिटिव पाई गई। ग्रामीणों ने बताया कि रविवार देर रात उसके भतीजे की उपचार के दौरान मौत हो गई। भतीजे की मौत की सूचना से कस्बे में रह रहे परिजनों में कोहराम मच गया। रात में ही परिजन छपार से गाजियाबाद के लिए रवाना हो गए। परिजनों ने बताया कि हॉस्पिटल प्रबंधन ने शव परिजनों को देने से इंकार करते हुए अपने स्तर से उसका गाजियाबाद में ही अंतिम संस्कार कर दिया है।
सड़क हादसे में युवक की मौत
छपार। सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया । नेशनल हाईवे के रामपुर चौराहे पर रविवार को डंपर की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवक घायल हो गए। इनकी पहचान मध्यप्रदेश के जनपद मुरैना के थाना देवगढ़ निवासी भवनपुरा निवासी सोनू (25) पुत्र बाबूलाल और ओमबीर के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा, जहां से उन्हें नाजुक हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया था। पुलिस के अनुसार हादसे में घायल हुए सोनू की उपचार के दौरान मौत हो गई है, जबकि ओमबीर की हालत गंभीर बनी हुई है।