मुजफ्फरनगर। तीन साल पुराने आचार संहिता उल्लंघन के मुकदमे में आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर ने सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया, जहां उनकी जमानत अर्जी स्वीकार कर ली गई।
जिला पंचायत सदस्य पद के लिए जिले में हुए चुनाव के दौरान छह अप्रैल 2021 को चंद्रशेखर अपने साथियों के साथ रोहाना टोल प्लाजा से अलग-अलग चुनावी जनसभा में शामिल हुए थे। इस दौरान उनके खिलाफ महामारी अधिनियम व धारा 144 में वाद पंजीकृत कराया गया था।
मंगलवार को चंद्रशेखर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कविता अग्रवाल की कोर्ट में पेश हुए। बचाव पक्ष की ओर से जमानत प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया, जिसे अदालत ने स्वीकृत कर लिया।
एक लाख से जीतेंगे नगीना सीट : चंद्रशेखर
मुजफ्फरनगर। आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर ने कहा कि नगीना सुरक्षित सीट पर एक लाख वोटों के अंतर से जीत मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में किसानों, पिछड़ों और अनुसूचित जाति के लोगों पर जुल्म किया जा रहा है।
अदालत से लौटते हुए पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि आरएसएस और भाजपा की मंशा संविधान के समर्थन में नहीं है। तानाशाही का दौर चल रहा है। प्रदेश में 69 हजार शिक्षकों की भर्ती में 20 हजार पदों पर गड़बड़ी की गई है। संविधान के आधार पर देश नहीं चल रहा है। महंगाई और बेरोजगारी मुद्दा है। जहां भी जीतेगी, जनता जीतेगी। जनता ने भाजपा की विदाई तय कर दी है। ब्यूरो