जिले के छह हॉटस्पॉट बने पुलिस के लिए चुनौती
मुजफ्फरनगर। मंगलवार को दस नए पॉजिटिव केस मिलने के बाद जिले के सभी छह हॉट स्पॉट पुलिस-प्रशासन के लिए चुनौती बन गए हैं। इससे निपटने के लिए जिले के सभी पुलिसकर्मियों के साथ ही आरआरएफ की एक कंपनी को भी फील्ड में उतार दिया गया है। आलम यह है कि पुलिस विभाग के कार्यालयों में गिनती के कर्मचारी ही ड्यूटी दे रहे हैं।
जनपद में वर्तमान में लगभग 2400 पुलिस कर्मचारी तैनात हैं। इनमें से करीब एक हजार पुलिस लाइन में स्थित रिजर्व फोर्स के जवानों की है। लॉकडाउन की शुरूआत होने पर जनपद को एक कंपनी आरआरएफ भी अलॉट की गई थी। शुरूआती में कोई परेशानी नहीं आई। लेकिन मंगलवार को एक साथ दस कोरोना संक्रमित मिलने के बाद पुलिस के समक्ष कानून व्यवस्था को लेकर नई चुनौती खड़ी हो गई है। इससे निपटने के लिए जनपद में तैनात सभी 2400 पुलिसकर्मियों को फील्ड में उतार दिया गया है। इनमें जिला मुख्यालय के सघन आबादी क्षेत्र के साथ ही हॉट स्पॉट बने छह क्षेत्रों में पुलिस टीम के साथ ही एक कंपनी आरआरएफ जवानों की ड्यूटी भी लगाई गई है। क्राइम ब्रांच, स्वाट टीम व एसआईटी के अफसर भी फील्ड में ही ड्यूटी दे रहे हैं।
ये हैं जिले के हॉट स्पॉट
- पुरकाजी समेत क्षेत्र के चार गांव
- खतौली कस्बे के मोहल्ला जैननगर, इस्लामनगर
- नई मंडी कोतवाली क्षेत्र का गांव शेरनगर-बिलासपुर
- शहर कोतवाली क्षेत्र का मोहल्ला किदवईनगर
इन्होंने कहा ....
एसएसपी अभिषेक यादव का कहना है कि जनपद में तैनात सभी 2400 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी फील्ड में लगाई गई है। शासकीय काम के लिए चुनिंदा कर्मचारियों को कार्यालय में लगाया गया है। एक कंपनी आरआरएफ के जवानों की ड्यूटी भी हॉट स्पॉट एरिया में लगाई गई है।