युवक से मारपीट कर नकदी, चेन लूटी
भोपा (मुजफ्फरनगर)। गांव जौली से दुकान बंद कर लौट रहे युवक पर पांच-छह लोगों ने हमला कर छह हजार की नकदी व सोने की चेन लूट ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को सीएचसी में भर्ती कराकर हमलावरों की तलाश की, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े। पुलिस मामले को लेनदेन का विवाद बता रही है।
जनपद हरिद्वार के मंगलौर थाना क्षेत्र के गांव बूढ़पुर जट निवासी नीटू पुत्र विजयपाल काफी समय से मुजफ्फरनगर में रहता है। नीटू गांव जौली में पेस्टीसाइड्स की दुकान करता है। शाम करीब छह बजे दुकान बंद करने के बाद वह बाइक से शहर लौट रहा था। पीड़ित का कहना है कि जैसे ही वह जौली नहर पार कर करीब आधा किलोमीटर आगे पहुंचा, पहले से सड़क किनारे छिपे खड़े गांव मिर्जा टिल्ला निवासी पांच-छह युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने नीटू के साथ मारपीट करते हुए उसकी जेब में मौजूद दुकान पर सामान बिक्री के छह हजार रुपये व गले में पहनी सोने की चेन लूट ली और धमकी देते हुए फरार हो गए। सीओ राममोहन शर्मा भी मौके पर पहुंचे और जांच की। सीओ का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। चार दिन पूर्व भी दोनों पक्षों में इसे लेकर मारपीट हुई थी। तहरीर आने पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।