मुजफ्फरनगर। सीबीएसई वर्ष 2018 की परीक्षाएं आज से शुरू हो रही हैं। परीक्षा प्रशासन ने शनिवार को ही जिले में बनाए गए 14 परीक्षा केंद्रों पर छात्र-छात्राओं की सिटिंग प्लानिंग तय कर दी थी। सीसीटीवी कैमरों और फ्लाइंग स्क्वाड की निगरानी में बोर्ड परीक्षाएं होंगी।
सीबीएसई परीक्षा का पहला पेपर सोमवार को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर शुरू होगा। जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 10755 परीक्षार्थियों के लिए 14 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा प्रशासन ने शनिवार को ही सभी परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों का सिटिंग प्लान बना दिया था।
सोमवार सुबह सभी केंद्रों पर छात्र-छात्राओं के रोल नंबर के मुताबिक कक्ष संख्या स्कूलों में चस्पा कर दी जाएगी। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए सीबीएसई के निर्देशों के अनुसार व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी कैमरों और उड़नदस्ते की चौकसी में परीक्षा कराई जाएंगी।
सीबीएसई के प्रश्नपत्रों बैंक के स्ट्रांग रूम में रखा गया है। परीक्षा के तय समय से एक घंटा पूर्व शिक्षण संस्थाओं की परीक्षा समिति को पेपर उपलब्ध कराया जाएगा। उत्तर पुस्तिकाएं छात्र-छात्राओं की पंजीयन संख्या के आधार पर पहले ही सभी परीक्षा केंद्रों पर भेज दी गई है।
सीबीएसई देहरादून रीजन के अधिकारियों के अनुसार परीक्षार्थी अपना रोल नंबर केवल उत्तर पुस्तिका के प्रथम पृष्ठ पर निर्धारित कॉलम में ही लिखें। यदि किसी विद्यार्थी ने कॉपी के अंदर पन्नों पर अनुक्रमांक लिखा तो उनकी परीक्षा रद्द भी की जा सकती है। स्टूडेंट्स ब्लू और ब्लैक पेन ही यूज करें। सीबीएसई की इंटर परीक्षा 12 अप्रैल तक चलेंगी, जबकि हाईस्कूल की परीक्षा चार अप्रैल को समाप्त हो जाएगी।
नकलविहीन परीक्षा कराएंगे : चंचल
जिला कॉर्डिनेटर चंचल सक्सेना ने बताया कि जिले के सीबीएसई छात्र-छात्राओं के लिए कुल 14 परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हाईस्कूल और इंटर के 10755 परीक्षार्थी एग्जाम देंगे। हाईस्कूल के 6068 और इंटर के 4687 परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षा को निर्विघ्न और नकलविहीन कराया जाएगा। चार फ्लाइंग स्क्वाड परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे।