फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

50 हजार से ज्यादा नगदी नहीं रखेंगे प्रत्याशी   

Fri, 06 Jan 2017 12:49 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
अधिकारियों की बैठक लेते डीएम, एसएसपी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के लिए नया फरमान जारी कर दिया है। अब प्रत्याशी की गाड़ी में 50 हजार रुपये से अधिक की नकदी और दस हजार से अधिक का गिफ्ट मिलता है तो कार्रवाई होगी। किसी भी पार्टी के जिलाध्यक्ष को रैली, सभा अथवा बैठक में भाग लेने के लिए भी आरओ से अनुमति लेनी होगी। नामांकन पत्र दाखिल करते समय आरओ के कमरे में केवल पांच लोग ही दाखिल हो पाएंगे।       
विज्ञापन


जिला पंचायत के सभाकक्ष में बृहस्पतिवार को डीएम डीके सिंह और एसएसपी बबलू कुमार ने पत्रकारों से वार्ता में बताया कि नामांकन के दौरान प्रत्याशी और दो उसके प्रस्तावक ही रहेंगे। कुल मिलाकर पांच लोग नामांकन में शामिल हो सकते हैं। स्क्रुटनी के दौरान भी उम्मीदवार, निर्वाचन अभिकर्ता, प्रस्तावक और प्रत्याशी द्वारा नामित व्यक्ति ही आरओ के कमरे में जा सकता है। अब कोई भी नेता, प्रत्याशी बिना अनुमति के पार्टी का झंडा नहीं लगा सकता।

अपने क्षेत्र के आरओ से अनुमति लेनी होगी। डीएम डीके सिंह ने बताया कि आयोग का सख्त निर्देश है कि जनसभा और बैठक में कोई भी राजनीतिक दल ऐसा काम नहीं करेगा, जिससे किसी प्रकार की घृणा, मनमुटाव या भाषाई तनाव हो। धार्मिक स्थलों और शैक्षणिक स्थलों पर चुनाव प्रचार नहीं हो सकता। वाहनों की संख्या पर कोई प्रतिबंध नहीं है, केवल अनुमति लेनी होगी। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रत्याशी अपनी गाड़ी में 50 हजार से ज्यादा की नकदी नहीं रख सकता।
विज्ञापन


दस हजार की कीमत से ऊपर का गिफ्ट भी प्रतिबंधित है। इससे ज्यादा की रकम होगी तो वह जब्त की जाएगी। स्टार प्रचारक के पास एक लाख से ज्यादा की नकदी नहीं हो सकती। बीस हजार से अधिक का चंदा चेक द्वारा ही दिया जा सकेगा। चुनाव प्रचार रात को दस बजे से सुबह छह बजे तक नहीं होगा। मीडिया में विज्ञापन भी (मीडिया सेटिस्फाइड कमेटी) एमसीसी की अनुमति के बाद ही छप सकेंगे। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि किसी भी गाड़ी पर अब लालबत्ती नहीं हो सकती। पुलिस की टीम नाकेबंदी कर रही है। चुनाव आयोग के निर्देशों का हर हाल में पालन किया जाएगा। चुनाव के दौरान सभी कार्यक्रमों की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी।       

ये बने रिटर्निंग ऑफिसर      
मुजफ्फरनगर। डीएम ने बताया की सभी छह विधानसभा सीटों के रिटर्निंग ऑफिसर बना दिए गए हैं। इनमें शहर सीट का आरओ सिटी मजिस्ट्रेट नईम अहमद को बनाया गया है। खतौली का वहीं के एसडीएम को, मीरापुर का जानसठ एसडीएम को, बुढाना का वहीं के एसडीएम को, चरथावल का एसडीएम सदर रामअवतार गुप्ता को और पुरकाजी का अतिरिक्त डिप्टी कलेक्टर ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी को बनाया गया है। सभी आरओ ने अपना काम करना शुरू कर दिया है।        

24 घंटे में प्रार्थना पत्र का निस्तारण करें
मुजफ्फरनगर। चुनाव आयोग ने यह दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं कि किसी भी परमीशन के मामले में आरओ को 24 घंटे में निस्तारण करना होगा। इससे अधिक का समय लगाया तो आयोग कार्रवाई करेगा। आयोग ने ऐसा अफसरों की तानाशाही रोकने के लिए किया है। परमीशन सभा की हो या गाड़ी की हर तरह की अनुमति 24 घंटे में देनी होगी। जिसका ऑनलाइन आवेदन सबसे पहले होगा, उसे वरीयता दी जाएगी।       
 
प्रिंटिंग प्रेस को देना होगा पूरा रिकार्ड      
मुजफ्फरनगर। डीएम ने बताया कि प्रिंटिंग प्रेस के संचालकों की बैठक में उन्हें धारा 127 के बारे में अवगत करा दिया गया है। कितना प्रकाशन किया, उसका पूरा ब्यौरा देना होगा। किसी भी तरह का घालमेल नहीं हो पाएगा।       

सोशल मीडिया पर रहेगी नजर      
मुजफ्फरनगर। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की ऐसी कोई सामग्री ने डाली जाए जिससे माहौल खराब हो सके। निष्पक्ष चुनाव के लिए सोशल मीडिया पर भी खास नजर रहेगी।       

नाकेबंदी के लिए 36 टीमों का गठन      
मुजफ्फरनगर। जिले में चुनाव आचार संहिता का पूरी तरह से पालन करने के लिए 36 टीमों का गठन किया गया है। ये टीम प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सभी गतिविधियों पर नजर रखेंगी।       

एक लाख 12 हजार नए वोट      
मुजफ्फरनगर। डीएम ने बताया कि जिले में वोट बनाने का जो अभियान चलाया गया, उसमें एक लाख 12 हजार नए वोट बनाए गए हैं। इन सभी के मतदाता पहचान पत्र भी तैयार होकर आ गए हैं, जो जल्द ही मतदाताओं तक पहुंच जाएंगे।       

थानों और दुकानों पर जमा होंगे असलाह      
मुजफ्फरनगर। डीएम ने बताया कि जिले में 17 हजार असलाह हैं। इनमें 787 जमा हैं। बाकी को थानों और दुकानों पर जमा करने के लिए कह दिया गया है। विषम परिस्थितियों में कुछ लोगों को हथियार रखने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए एक कमेटी बनाई गई है।       

25 जनवरी को होगा जागरूकता कार्यक्रम      
मुजफ्फरनगर। जिले में 25 जनवरी को मतदाता जागरूकता दिवस मनाया जाएगा। गांव से लेकर शहर तक सभी मतदाताओं को अपने मताधिकार के लिए जागरूक किया जाएगा। इस अभियान में शिक्षण संस्थाओं और सामाजिक संगठनों का सहयोग भी लिया जाएगा।       
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें