कार ने बस में मारी टक्कर, बाल-बाल बचे यात्री
मंसूरपुर। नेशनल हाइवे पर तेज गति से आ रही कार ने रोडवेज बस में टक्कर मार दी। जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में कार सवार लोग बाल बाल बच गए। कार में दिल्ली के लोग सवार थे। इस दौरान हाइवे पर काफी लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया।
शुक्रवार रात करीब 8.30 बजे के राजस्थान रोडवेज की बस मेरठ जा रही थी। बस में महिलाओं सहित 35 लोग सवार थे। नेशनल हाईवे पर बेगराजपुर के पास पीछे से तेज गति से आ रही कार ने बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी प्रयास में कार ने रोडवेज में टक्कर मार दी। जिससे कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कार में सवार किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई। इस हादसे से नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। बेगराजपुर चौकी प्रभारी योगेंद्र पंवार ने बताया कि पुलिस ने जाम खुलवाकर बस और कार सवारों को भेज दिया। रोडवेज बस एवं कार चालक की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।