जानसठ (मुजफ्फरनगर)। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से कार, बाइक सहित आधा दर्जन वाहन बरामद किए हैं। पुलिस ने बदमाशों को जेल भेजा।
शुक्रवार को कोतवाली में इंस्पेक्टर ने पत्रकारों को बताया कि मुखबिर की सूचना पर मुजफ्फरनगर रोड से अंतरराज्यीय गिरोह के एक बदमाश गांव कवाल निवासी दीपचंद पुत्र ऋषिपाल को बिना नंबर की बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा पूछताछ में उसकी निशानदेही से उसके साथी शाह आलम उर्फ मानू पुत्र फखरुद्दीन तथा आंसू उर्फ आस मोहम्मद पुत्र जमीर निवासी गांव कवाल को गिरफ्तार किया गया। जिनके कब्जे से तीन बाइक, एक मारुति कार बिना नंबर प्लेट लगी बरामद की गई। बदमाश दीपचंद पर 25 हजार का इनाम सहारनपुर से घोषित था। वह इसमें जेल भी जा चुका है। पकड़े गए बदमाश दीपचंद पर सहारनपुर, हरिद्वार, देहरादून, मुजफ्फरनगर, जानसठ व देवबंद आदि थानों में 15 मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश शाह आलम पर बिजनौर व जानसठ में दो मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश आस मोहम्मद पर जानसठ में एक मुकदमा चोरी का दर्ज है। तीनों बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।