मुजफ्फरनगर : मंसूरपुर में हुए सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : KHATAULI
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-दून हाईवे पर मंसूरपुर बस स्टैंड के निकट दिल्ली से हरिद्वार की ओर जा रही कार आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में कार सवार दिल्ली के सरसपुर निवासी गौरव (32) और नरेला निवासी मोहित (30) की मौके पर ही मौत हो गई। दो सगे भाईयों समेत पांच घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली के नरेला निवासी मोहित, प्रियांशु, अजय कुमार, योगेश, राहुल राणा और सरसपुर निवासी गौरव रविवार की देर स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर दिल्ली से देहरादून के लिए निकले थे। रात करीब एक बजे उनकी कार पीछे से मंसूरपुर के पास ट्रॉली में जा घुसी। हादसे से हाईवे पर चीख पुकार मच गई। वाहन चालकों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सगे भाई अजय व योगेश पुत्र प्रेम और प्रियांशु, राहुल राणा के अलावा ट्रैक्टर चालक अनिल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। सीओ खतौली राकेश कुमार का कहना है कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को दिए गए हैं। घायलों का उपचार चल रहा है। अभी प्रकरण में तहरीर नहीं मिली है।