प्रत्याशियों ने अपने घरों में रहकर मिटाई थकान
मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान हो जाने के बाद मंगलवार को प्रत्याशियों ने अपने घरों पर समय व्यतीत किया। प्रत्याशियों ने घरों में आराम कर थकावट दूर की और अपने समर्थकों के साथ बैठकर कितने वोट मिले उस पर मंथन किया। सभी प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं।
जिला पंचायत वार्ड एक की प्रत्याशी संगीता के पति नेपाल सिंह एडवोकेट जहां अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आए। वहीं भाजपा समर्थित मंजू रानी के पति सोमपाल फौजी जीत को लेकर संतुष्ट दिखाए दिए। सपा समर्थित प्रत्याशी संयोगिता के पति धनप्रकाश गौतम का कहना है कि वोटरों का भरपूर समर्थन मिला है, जबकि रजनी वाल्मीकि भी जीत के दावे कर रही हैं।
वार्ड नंबर दो से भाकियू प्रत्याशी नवीन राठी का कहना है कि हर गांव से सभी वर्ग के लोगों को वोट मिला है। परिणाम पक्ष में आने की पूरी उम्मीद है। भाजपा समर्थित प्रत्याशी रीना धारीवाल के पति बिजनेश का कहना है कि वार्ड के लोगों का भरपूर समर्थन मिला है। हर वर्ग के लोगों के वोट मिले हैं। इसके अलावा ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ रहे गांव खाईखेड़ी से धीरज त्यागी व हरिओम त्यागी और गांव लखनोती से रविंद्र चौधरी, गुड्डू बाबर फरीदी, गांव हरेंटी से विवेक राठी, गांव भूराहेड़ी से मोनू पंवार व संजीव चौधरी भी अपनी अपनी जीत के दावे कर रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक ने ली प्रत्याशियों की बैठक
पुरकाजी। जनपद में चुनाव संपन्न हो जाने के बाद कई जगहों पर आपसी विवाद होने पर मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक ने प्रत्याशियों की बैठक लेकर आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। प्रभारी निरीक्षक देशराज सिंह ने कहा कि आप लोगों के सहयोग से क्षेत्र में चुनाव शांति संपन्न हो गया है, जिसके लिए आप बधाई के पात्र हैं। अब कोई भी प्रत्याशी चुनाव को लेकर किसी पर ऐसी कोई टिप्पणी ना करें, जिससे आपस में विवाद या झगड़ा हो। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी ने कोई विवाद किया तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।