जुमे की नमाज अहम, अफरातफरी व अफवाहों का दौर
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन ने झोंकी ताकत
जिले को जोन-सेक्टर में बांटकर उतारी आठ कंपनी पीएसी व ढाई हजार पुलिसकर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में धरना प्रदर्शन ने अफसरों की सिरदर्दी बढ़ा दी है।
बृहस्पतिवार को सीएए के विरोध में सपा नेताओं द्वारा किया गया विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण संपन्न होने से राहत की सांस ले रहे अफसरों के होश बृहस्पतिवार दोपहर बाद फैली एक अफवाह ने उड़ा दिए हैं। अफवाहों में जुमे की नमाज के बाद एक वर्ग के लोगों के सड़कों पर आकर विरोध प्रदर्शन करने की खबरें आने के बाद अफरातफरी का माहौल बन गया है। इसे देखते हुए अफसरों ने एक वर्ग के धर्मगुरुओं से संपर्क कर जुमे की नमाज के बाद निकाले जाने वाले जुलूस के संबंध में जानकारी मांगी। हालांकि जमीयत उलमा ए हिंद समेत अन्य मुस्लिम संगठनों ने भी किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन से पूरी तरह किनारा कर लिया। हालांकि इसके बावजूद अफसर इस अफवाह को हलके में लेने को तैयार नहीं हैं। शाम होते-होते जिले भर में बैठकों का दौर शुरू करने के साथ ही सभी प्रमुख धर्मस्थलों व मदरसों में पहुंचकर शांति की अपील की गई। धर्मगुरुओं से वार्ता कर उनसे भी लोगों से सड़कों पर नहीं आने की अपील कराई गई है। वहीं, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी फोर्स को सड़क पर उतार दिया गया है। पूरे शहर के साथ ही जिले में भी शाम करीब छह बजे से फ्लैग मार्च का दौर शुरू कर दिया गया है।
सात बजे ही बंद हुए बाजार
मुजफ्फरनगर। जुमे की नमाज के बाद एक वर्ग के लोगों द्वारा सीएए को लेकर विरोध प्रदर्शन करने की अफवाहों के बीच शहर में इंटरनेट बंद होने के बावजूद अफरातफरी का माहौल व्याप्त हो गया है। अंजाने खौफ का आलम यह कि लोग शाम होते-होते घरों में जा घुसे और देर रात तक गुलजार रहने वाले बाजार सात बजे ही बंद हो गए। केवल पुलिस वाहनों के सायरन की आवाज ही गूंजती रही।
जिले को चार सुपर जोन और 67 सेक्टर में बांटा
मुजफ्फरनगर। जुमे की नमाज के बाद विरोध प्रदर्शन की सुगबुगाहट व अफवाह के बीच भारी फोर्स को सड़क पर उतार दिया गया है। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि जिले को चार सुपर जोन, आठ जोन व 67 सेक्टर में बांटा गया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आठ कंपनी पीएसी और रिजर्व फोर्स के ढाई हजार पुलिसकर्मियों के साथ ही पब्लिक वालंटियर को भी ड्यूटी पर लगा दिया गया है। शहर में ही 160 सीसीटीवी कैमरे सक्रिय किए गए है। हर थाने पर ड्रोन कैमरों की व्यवस्था भी की गई है।
पुलिस के रडार पर 156 लोग
मुजफ्फरनगर। एसपी सिटी सतपाल आंतिल ने बताया कि अफवाहों के चलते जिले भर में 156 लोगों को चिह्नित किया गया है, जिन पर पुलिस की निगाहें है, यदि किसी भी तरह की गड़बड़ी होती है या बिना अनुमति के लोग सड़कों पर आकर प्रदर्शन करते है तो उपरोक्त लोगों के खिलाफ सीधी कार्रवाई की जाएगी।
---------------------
इन्होंने कहा ........
निषेधाज्ञा लागू, नहीं है जुलूस की अनुमति
डीएम सेल्वा कुमारी जे का कहना है कि जनपद में निषेधाज्ञा लागू है। कहीं भी किसी तरह के जुलूस या विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। यदि इस तरह का कोई भी आयोजन किया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी अभिषेक यादव का कहना है कि जुमे की नमाज के बाद जुलूस निकालने की बात केवल अफवाह है। कहीं भी किसी तरह के जुलूस की अनुमति नहीं है। भारी फोर्स जनपद में मौजूद है। यदि बिना अनुमति कोई भी व्यक्ति या समूह सड़क पर आया तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही रासुका भी लगाई जा सकती है।